बस्तर खबर
लोक जीवन 25 मई 2026 3 मिनट का पठन 25 मई 2026

बीजापुर के सुदूर गांवों तक पहुंचा प्रशासन बस्तर मुन्ने योजना के शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर

बीजापुर प्रशासन बस्तर मुन्ने योजना के शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर जन चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

बीजापुर के सुदूर गांवों तक पहुंचा प्रशासन बस्तर मुन्ने योजना के शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर

कलेक्टर विश्वदीप ने युवाओं संग खेला क्रिकेट, विकास और भरोसे का दिया संदेश

बीजापुर- जिले के सुदूर और संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी एक बार फिर देखने को मिली। 22 मई को कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने ग्राम पंचायत सागमेटा, सण्ड्रा, एडापल्ली और पीलूर पहुंचकर जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों के गांव पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल दिखाई दिया।

सड़क, राशन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की उठी मांग

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, राशन वितरण में आ रही दिक्कतें, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, आवागमन की समस्याएं, शिक्षा और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दे प्रशासन के सामने रखे।

कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी भी सुविधा के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।

“बस्तर मुन्ने” योजना के शत-प्रतिशत लाभ पर जोर

कलेक्टर ने विशेष रूप से “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज सरलता और सुगमता से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ प्राप्त कर सकें।

ग्रामीणों को समझाया गया जनगणना का महत्व

दौरे के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की भी समीक्षा की। ग्रामीणों को जनगणना के महत्व, उसकी उपयोगिता और शासन की योजनाओं से उसके सीधे संबंध के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें, ताकि विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता पर बल

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास का वातावरण और मजबूत होगा।

पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर दिया सकारात्मक संदेश

दौरे का सबसे प्रेरणादायक दृश्य ग्राम सण्ड्रा में देखने को मिला, जब कलेक्टर विश्वदीप गांव के युवाओं के साथ क्रिकेट मैदान में उतरे। उन्होंने युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल, शिक्षा तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज और जिले के विकास में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने कहा कि बीजापुर में सकारात्मक बदलाव और नई विकास यात्रा के सबसे बड़े भागीदार यहां के युवा ही होंगे।

ग्रामीणों में बढ़ा भरोसा

कलेक्टर को अपने बीच सहज रूप में देखकर ग्रामीण और युवा बेहद उत्साहित नजर आए। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब अधिकारी स्वयं गांवों तक पहुंचकर सीधे संवाद करते हैं, तब समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है और शासन के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत होता है।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें