बस्तर खबर
शिक्षा 18 जून 2026 2 मिनट का पठन 18 जून 2026

जगदलपुर:- बादल एकेडमी में संगीत और कला डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश शुरू

अपडेट किया गया: 18 जून 2026

 जगदलपुर:- बादल एकेडमी में संगीत और कला डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश शुरू

बस्तर के उभरते कलाकारों और कला प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट एंड लिटरेचर (बादल), आसना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संगीत एवं कला से संबंधित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से मान्यता प्राप्त बादल संस्था पिछले चार वर्षों से कला और संगीत शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अब तक लगभग 200 से अधिक कलाकार इन पाठ्यक्रमों का लाभ लेकर अपनी प्रतिभा को नई पहचान दे चुके हैं।

विविध कला एवं संगीत पाठ्यक्रम उपलब्ध

बादल संस्था में वर्तमान में लोक कला, संगीत और शास्त्रीय विधाओं से जुड़े कई डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें विद्यार्थियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाता है।

संचालित प्रमुख पाठ्यक्रमों में शामिल हैं—

  • दो वर्षीय लोक संगीत डिप्लोमा
  • एक वर्षीय छत्तीसगढ़ी लोक संगीत डिप्लोमा
  • दो वर्षीय सुगम संगीत डिप्लोमा (गीतांजली)
  • दो वर्षीय आर्ट एप्रिसियेशन (चित्रकला) डिप्लोमा
  • शास्त्रीय हिंदुस्तानी गायन डिप्लोमा
  • शास्त्रीय कत्थक नृत्य डिप्लोमा
  • शास्त्रीय तबला वादन डिप्लोमा

स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

बादल संस्था का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र की सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को कला और संगीत के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्था में प्रशिक्षित कई कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। संस्था प्रबंधन के अनुसार, इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक कार्यालयीन समय में बादल संस्था पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

बस्तर जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्र में इस प्रकार के पाठ्यक्रम स्थानीय युवाओं को कला, संगीत और नृत्य के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। साथ ही क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें