उत्तर बस्तर कांकेर, 30अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और इच्छुक उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त करने के लिए कांकेर जिले के शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने और मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी दी जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि 1 सितंबर मंगलवार को नरहरपुर के तहसील कार्यालय परिसर में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 सितंबर बुधवार को कांकेर के न्यू कम्युनिटी हॉल में तथा 3 सितंबर गुरुवार को चारामा नगर पंचायत क्षेत्र में बस स्टैंड के बाजू स्थित गांधी मैदान में शिविर लगाया जाएगा।
इन शिविरों में अपने घर में सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ता उपस्थित होकर योजना की जानकारी प्राप्त करने के साथ आवेदन भी प्रस्तुत कर सकेंगे।
सोलर प्लांट पर मिलेगी आकर्षक सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। योजना के अनुसार 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट के लिए 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता के लिए 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान बताया गया है।
सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और घरेलू बिजली खर्च को कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। कांकेर जिले के शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ये शिविर इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए योजना से जुड़ने का सीधा अवसर प्रदान करेंगे।
प्रशासन ने सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने और आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।