बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 13 जून 2026 2 मिनट का पठन 13 जून 2026

नक्सल मुक्त बीजापुर बनेगा विकास की नई मिसाल, दिशा समिति की बैठक में बोले सांसद महेश कश्यप

अपडेट किया गया: 13 जून 2026

नक्सलवाद से मुक्त होता बीजापुर अब विकास, सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में

नक्सल मुक्त बीजापुर बनेगा विकास की नई मिसाल, दिशा समिति की बैठक में बोले सांसद महेश कश्यप

लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती झेलने वाला बीजापुर अब विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से नई पहचान बनाने की ओर तेजी से अग्रसर है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हो रहा बीजापुर अब विकास की नई मिसाल बनेगा और यहां के लोगों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा।

जिला कार्यालय के इन्द्रावती सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद महेश कश्यप ने केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए समन्वित एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद से बाहर निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे लंबे समय तक माओवाद प्रभावित जिले में अब विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है, जिसका लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बीजापुर तेजी से विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जिले की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं तेजी से उभर रही हैं और माओवाद के पूर्ण उन्मूलन के बाद विकास की गति और तेज होगी।

बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी नरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, एकीकृत बाल विकास योजना, मध्याह्न भोजन योजना तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक से यह स्पष्ट संदेश सामने आया कि नक्सलवाद से मुक्त होता बीजापुर अब विकास, सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें