जगदलपुर, । बस्तर की समृद्ध जैव-विविधता, पारंपरिक कृषि विरासत और आम की विविध प्रजातियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से बस्तर आम महोत्सव 2026 का आयोजन 13 और 14 जून को जगदलपुर में किया जाएगा। दो दिवसीय इस भव्य महोत्सव का आयोजन महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग तथा उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महोत्सव का मुख्य आयोजन स्थल क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर होगा, जहां आम प्रेमियों, किसानों, उद्यमियों और वैज्ञानिकों का संगम देखने को मिलेगा।
आम की विविध किस्मों और उत्पादों की होगी प्रदर्शनी
महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों, आम आधारित उत्पादों, प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री, रंगोली और पोस्टर मेकिंग जैसी रचनात्मक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में बस्तर क्षेत्र की विशेष आम किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षण
पहले दिन प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा। शाम को बच्चों और स्थानीय कलाकारों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके अलावा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम महोत्सव की विशेष आकर्षण रहेंगे।
किसानों और वैज्ञानिकों के बीच होगा संवाद
महोत्सव के दूसरे दिन वैज्ञानिक एवं किसान परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम उत्पादन से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों, रोग प्रबंधन, आधुनिक खेती और वानस्पतिक प्रवर्धन तकनीकों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
इसके साथ ही कृषक एवं उद्यमी परिचर्चा में आम और आम आधारित उत्पादों के विपणन, प्रसंस्करण उद्योग और स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य बस्तर के आम उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देना है।
जनभागीदारी और कृषि नवाचार का मंच
बस्तर आम महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और आम नागरिकों को जोड़ने वाला मंच है। यह आयोजन बस्तर की कृषि क्षमता और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।