बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 1 जून 2026 3 मिनट का पठन 1 जून 2026

अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस थाना सहित कई बड़ी घोषणाएं

अपडेट किया गया: 1 जून 2026

सुशासन तिहार: अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस थाना सहित कई विकास कार्यों की घोषणा

अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस थाना सहित कई बड़ी घोषणाएं

नारायणपुर, 1 जून 2026। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अबूझमाड़ अंचल के ग्राम पंचायत गारपा पहुंचे, जहां आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा अबूझमाड़ अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। गारपा और आसपास के क्षेत्रों में कई विकास कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों का जीवन आसान होगा।

महिलाओं ने बताई महतारी वंदन योजना की सफलता

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे घरेलू जरूरतों के साथ-साथ बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खातों में जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

किसानों और ग्रामीणों के लिए नई संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने किसानों से चर्चा करते हुए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पशुपालन और बकरी पालन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने वनोपज संग्राहकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

ग्रामीणों को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें शामिल हैं—

ग्राम गारपा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना

तुमेराड़ी में दो पुलियों का निर्माण

गारपा में 1 किलोमीटर आंतरिक सीसी सड़क निर्माण

आंगनबाड़ी केंद्र गारपा में बाउंड्रीवाल निर्माण

उप स्वास्थ्य केंद्र से राजकुमार के खेत तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण

मसपुर में मुख्य मार्ग से गुडरापारा तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण

आश्रम शाला गारपा में बाउंड्रीवाल निर्माण

गारपा में पुलिस थाना की स्थापना

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।

ग्रामीणों ने बताई बदली हुई तस्वीर

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले राशन लेने के लिए उन्हें लगभग 40 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिसमें कई दिन लग जाते थे। अब शासन की पहल से सुविधाएं गांवों के नजदीक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

जन चौपाल में राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें