किसान उर्वरक-वितरण
राज्य सरकार ने खरीफ वर्ष-दो हजार छब्बीस के लिए सहकारी क्षेत्र में उर्वरक वितरण संबंधी नये दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार बीते वर्ष किसानों को वितरित की गई उर्वरक की मात्रा के आधार पर इस वर्ष का कोटा तय किया गया है। इसके तहत इस वर्ष किसानों को यूरिया की अस्सी प्रतिशत मात्रा ही पारंपरिक यूरिया के रूप में दी जाएगी। शेष बीस प्रतिशत मात्रा उपलब्धता के आधार पर प्रदान की जाएगी या उसके बदले नैनो यूरिया दिया जाएगा। डीएपी वितरण भी पिछले वर्ष के मुकाबले साठ प्रतिशत ही किया जाएगा। शेष चार प्रतिशत मात्रा के लिए वैकल्पिक एनपीके उर्वरक या नैनो डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी किसान को नैनो उर्वरक लेने के लिए विवश नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था पूरी तरह वैकल्पिक होगी।
गौरतलब है कि वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों तथा खाड़ी क्षेत्र में चल रहे तनाव के मद्देनजर राज्य सरकार ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए यह निर्णय लिया है।
राष्ट्रपति-पद्म पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल पच्चीस मई को नई दिल्ली में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष-दो हजार छब्बीस के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।
इनमें छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के रामचंद्र गोडबोले और सुनीता गोडबोले को संयुक्त रूप से चिकित्सा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ शासन को विशेष शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया दो महीने में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षकों की कमी: राज्य में 49 हजार से अधिक विशेष आवश्यकता वाले बच्चे हैं, जिनके लिए करीब 4,000 विशेष शिक्षकों की जरूरत है।
सरकार ने कोर्ट को बताया कि 848 स्वीकृत पदों में से अब तक केवल 62 शिक्षकों की ही नियुक्ति हो सकी है।
स्क्रीनिंग का मौका: सुप्रीम कोर्ट ने 155 ब्लॉक रिसोर्स पर्सन और 85 विशेष शिक्षकों को स्क्रीनिंग कमेटी के सामने प्रस्तुत होने का अवसर देने को कहा है।
जी राम जी अधिनियम
केन्द्र सरकार ने जन परामर्ष के लिए विकसित भारत - जी राम जी अधिनियम के अंतर्गत मसौदा नियम प्रकाषित किए हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति, हितधारक, संगठन या संस्था अगले महीने की इक्कीस तारीख तक इन मसौदा नियमों पर आपत्तियां या सुझाव प्रस्तुत कर सकता है। विकसित भारत जी राम जी अधिनियम इस वर्ष एक जुलाई से सभी राज्यों में लागू हो जाएगा।
डीजीसीए-गाइडलाइन
नागरिक उड्डयन महानिदेषालय-डीजीसीए और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएषन सिक्यूरिटी ने नियमों में सख्ती करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है, जिसके अनुसार अब हवाई यात्री एयरपोर्ट के सुरक्षा होल्ड एरिया पर रील बनाना पूरी तरह से बैन रहेगा। साथ ही हवाई जहाज के खड़े होने वाली जगह और बस से यात्रियों को विमान ले जाने तक वाले स्थान पर रुककर रील, फोटो या वीडियो बनाना भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
सरकार-अपील
छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को घबराकर अतिरिक्त खरीदी करने की जरूरत नहीं है। सरकार के अनुसार राज्य में करीब तीन करोड़ चौरानवे लाख लीटर पेट्रोल और आठ करोड़ आठ लाख लीटर से अधिक डीजल का भंडार उपलब्ध है। किसानों और जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए ईंधन की नियमित आपूर्ति जारी है। राज्य में बाईस मई से ड्रम और जरीकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाई गई है। सरकार ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।
माओवादी-डंप बरामद
नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर-नारायणपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग स्थानों से डंप बरामद किया है। डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सल डम्प को बरामद किया। इसमें बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल, फायर कार्टिज, एके फोर्टी सेवन और एसएलआर का खाली कार्टिज सहित विभिन्न विस्फोटक सामग्री शामिल हैं।
इसी तरह, सुरक्षा बलो ने कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के बीच जंगल से भी नक्सल सामग्री बरामद किया है। इसमें तीन बारह बोर की रायफल, बीजीएल लांचर, बारूद और इलेक्ट्रिक डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री शामिल हैं।
उधर, राजनांदगांव जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में माओवाद विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सर्चिग ऑपरेशन के दौरान नक्सली डंप बरामद किया। डंप से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है।
अल्प बचत योजना
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा प्रदेष के सभी डाकघरों में कल और परसों यानी पच्चीस और छब्बीस मई को अल्प बचत खाता खोलने के लिए विषेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कोई भी नागरिक अपने नजदीकी डाकघर जाकर या राज्य सरकार द्वारा नियुक्त अधिकृत एजेंटों के माध्यम से अल्प बचत योजनाओं जैसे मासिक आय योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि में निवेष कर सकेंगे।
प्रयास आवासीय विद्यालय-प्रवेश
प्रदेश में संचालित प्रयास बालक और कन्या आवासीय विद्यालयों के वर्तमान सत्र में प्रवेश के लिए आयोजित प्राक्चयन परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों से कक्षा नौवीं प्रवेश परीक्षा के प्रश्न-पत्र या उत्तरों से संबंधित किसी भी प्रकार की दावा और आपत्तियां तीस मई को शाम साढ़े पांच बजे तक आमंत्रित की गई है।
यूपीएससी परीक्षा
संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा आज दो पालियों में आयोजित की गई। इस बार परीक्षार्थियों को पहली बार फेस स्कैन सिस्टम से गुजरना पड़ा। चेहरा मैच होने के बाद ही उन्हें परीक्षा केन्द्र के अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस परीक्षा के लिए रायपुर जिले में बाईस केन्द्र बनाए गए थे।
धान खरीदी गबन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया पुलिस ने धान खरीदी में फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए साल्हेओना उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इन पर आरोप है कि बिना धान की वास्तविक आयक के ही ऑनलाइन एंट्री कर करीब निन्यानवे लाख रुपये का गबन किया गया। इस मामले में सहायक खाद्य अधिकारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया।
मौसम का हाल
प्रदेष में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद सहित प्रदेष के अट्ठारह जिलों में एक-दो स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम से आने वाली शुष्क और गर्म हवा के प्रभाव के कारण अधिकतम तापमान बढ़ा हुआ है, जिसके कारण गर्मी से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
वहीं, आज रायपुर में तिरालीस दशमलव छह, बिलासपुर में तिरालीस दमशलय चार और जगदलपुर में तिरालीस डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इस बीच, विषेषज्ञों ने लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। विषेषज्ञों ने पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और पूरे शरीर को ढंककर रखने की सलाह दी है। साथ ही अनावष्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की भी अपील की है।