बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 24 मई 2026 4 मिनट का पठन 24 मई 2026

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र पेट्रोल-डीजल महंगा,यूपीएससी परीक्षा कल

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भारतीय देश को 'विकसित भारत' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहा है।

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र पेट्रोल-डीजल महंगा,यूपीएससी परीक्षा कल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

आयोजन का दायरा: यह आयोजन  देश भरमें 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया था।

स्थानीय कार्यक्रम का विवरण: प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भारतीय देश को 'विकसित भारत' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहा है।

रोजगार मेला आज देश में सैंतालीस अलग-अलग जगहों पर आयोजित किया गया। रायपुर में यह आयोजन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने बताया कि आज दो सौ संतावन युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि यह केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि भारत को विकसित बनाने की एक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

क्षेत्रीय सहकारिता कार्यशाला

केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा नवा रायपुर में पूर्वी क्षेत्र के छह राज्यों की क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला की अध्यक्षता केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉक्टर आशीष कुमार भूटानी ने की। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि पैक्स समितियों को केवल ऋण वितरण तक सीमित न रखकर बहुउद्देशीय ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पेट्रोल / डीजल कीमत

तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में एक बार फिर बढ़ोत्तरी की है। पेट्रोल नवासी पैसे और डीजल छियानवे पैसे महंगा हुआ है। रायपुर में अब पेट्रोल एक सौ पांच रुपये छत्तीस पैसे और डीजल अंठानवे रुपए सैतालीस पैसे प्रतिलीटर मिल रहा है।

इस बीच, राज्य शासन ने सभी पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्रम, बोतल और जेरीकेन में ईंधन की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है। हालांकि, रबी-खरीफ सीजन के लिए किसानों, कलेक्टर द्वारा चिन्हांकित शासकीय निर्माण कार्यों और अस्पताल, मोबाइल टावर जैसी अत्यावष्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इनके लिए अनुविभागीय अधिकारी के परीक्षण के बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप बिक्री की अनुमति होगी।

डायल-112 सेवा

प्रदेश के विभिन्न जिलों में डायल-एक सौ बारह सेवा के तहत अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही है। आज विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी कड़ी में मुंगेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इस वैन को रवाना किया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरूण साव वर्चुअली शामिल हुए।

इस मौके पर श्री साव ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह वैन अपराध संबंधी जांच में तेजी लाने के साथ ही साक्ष्य संकलन को अधिक प्रभावी बनाएगी।

मुख्यमंत्री-लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल राजधानी रायपुर में कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया। साथ ही बाईस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव भी उपस्थित थे।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा

परीक्षा तिथि और समय सारिणी: परीक्षा कल, 24 मई को निर्धारित है। यह दो सत्रों में आयोजित की जाएगी:

सुबह का सत्र: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक।

दोपहर का सत्र: दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक।

परीक्षा स्थल की सुरक्षा: परीक्षा केंद्र के दरवाजे  प्रत्येक सत्र के शुरू होने से30 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे।

बायोमेट्रिक सत्यापन:उम्मीदवारों को फेस स्कैन सिस्टम से गुजरना होगा  और उनके चेहरे का मिलान रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी से होने के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

स्थानीय व्यवस्था: रायपुर जिले में 22 केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में ध्वनि प्रदूषण को रोकने और व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं।

लोक निर्माण विभाग-निर्देश

लोक निर्माण विभाग ने अपने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से लेकर प्रमुख अभियंता तक सभी को मुख्यालय में रहने के निर्देश दिए हैं। निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने ये

निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर उन्हें हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आईईडी बरामद

दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने आज बारसूर थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए पांच किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी को बरामद किया है, जिसे मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। सुरक्षा बलों की टीम हिड़पाल गांव की पहाड़ी और घने जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, इसी दौरान यह आईईडी बरामद किया गया।

मौसम का हाल-

प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले अड़तालीस घंटों के दौरान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद सहित प्रदेश के अट्ठारह जिलों में एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान गर्म हवा चलने और अधिकतम तापमान चवालीस से पैंतालीस डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

राजनांदगांव आज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान छियालीस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग में पैंतालीस डिग्री सेल्सियस और रायपुर, माना तथा बिलासपुर का अधिकतम तापमान चवालीस डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

इस बीच, विशेषज्ञों ने लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों ने पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और पूरे शरीर को ढंककर रखने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की भी अपील की है।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें