बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 13 जून 2026 2 मिनट का पठन 13 जून 2026

कोंडागांव की हेमबती नाग ने राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

छत्तीसगढ़ के आकांक्षी जिला कोंडागांव की बेटी हेमबती नाग ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है।

कोंडागांव की हेमबती नाग ने राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

छत्तीसगढ़ के आकांक्षी जिला कोंडागांव की बेटी हेमबती नाग ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोंडागांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हेमबती नाग ने चंडीगढ़ में आयोजित ओपन नेशनल जूडो प्रतियोगिता में 40 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

हेमबती ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कठिन मुकाबलों में शानदार खेल दिखाते हुए उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।

हेमबती की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को उचित अवसर, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल कोंडागांव बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

बालिका गृह के प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने हेमबती की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। साथ ही बालिका गृह में रह रही अन्य बालिकाओं के बीच भी खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।

हेमबती नाग की यह उपलब्धि आकांक्षी जिला कोंडागांव में खेल प्रतिभाओं के विकास और बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरी है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें