The Bastar Roots | Chhattisgarh News
छत्तीसगढ़ समाचार 14 जुलाई 2026 2 मिनट का पठन 14 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ का पहला QR कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना

अपडेट किया गया: 14 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ का पहला QR कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना

छत्तीसगढ़ में पुलिस व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए कांकेर में प्रदेश के पहले QR कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने इस आधुनिक प्रणाली का उद्घाटन करते हुए इसे पुलिस प्रशासन में तकनीकी नवाचार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रदेश में पहली बार QR कोड आधारित ई-मालखाना

रविवार को सिटी कोतवाली थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने डिजिटल ई-मालखाना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस को प्राप्त एक नई बस सहित चार नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ई-मालखाना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली की जानकारी ली और कांकेर पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और प्रभावी बनाएगी।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि ई-मालखाना एक आधुनिक डिजिटल प्रबंधन प्रणाली है, जिसमें विभिन्न मामलों में जब्त किए गए वाहन, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, मादक पदार्थ, दस्तावेज और अन्य केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा।

प्रत्येक स्टोरेज बॉक्स को एक अलग QR कोड दिया गया है। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित अपराध प्रकरण का विवरण, जब्त सामग्री, उसकी संख्या और जब्ती की तिथि सहित पूरी जानकारी तुरंत स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी।

जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया होगी आसान

नई प्रणाली से विवेचना के दौरान जब्त सामग्री की खोज और न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तेज और आसान होगी। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड के कारण दस्तावेजों के रखरखाव में पारदर्शिता बढ़ेगी और पेपरलेस कार्यप्रणाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

पुलिस विभाग के अनुसार, प्रदेश के अन्य थानों में अभी तक बारकोड आधारित प्रणाली लागू थी, जबकि QR कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना पहली बार कांकेर में शुरू किया गया है।

उत्कृष्ट पुलिस कर्मियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, एएसपी आकाश श्रीश्रीमाल, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एएसपी योगेश साहू, डीएसपी मोहसिन खान सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें
बस्तर संवाददाता

और भी पढ़ें