बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 20 जुलाई 2026 2 मिनट का पठन 1 दिन पहले

जगदलपुर बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्था, किराया सूची नहीं; यात्रियों से मनमानी वसूली के आरोप

अपडेट किया गया: 19 घंटे पहले

जगदलपुर बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्था, किराया सूची नहीं; यात्रियों से मनमानी वसूली के आरोप

जगदलपुर अंतरराज्यीय बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्था, किराया सूची तक नहीं; यात्रियों से मनमानी वसूली के आरोप

जगदलपुर। बस्तर संभाग का सबसे बड़ा और प्रमुख अंतरराज्यीय बस स्टैंड इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस बस स्टैंड पर यात्रियों को रोजाना पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था और जानकारी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे गंभीर शिकायत किराया सूची (रेट लिस्ट) नहीं होने और यात्रियों से मनमाने शुल्क वसूले जाने की सामने आई है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि बस स्टैंड परिसर में शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। साफ-सफाई का अभाव होने के साथ ही शौचालय के बाहर निर्धारित शुल्क की सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई है। आरोप है कि इसके कारण यात्रियों से तय दरों से अधिक राशि वसूली जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले महापौर ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर सुलभ शौचालय संचालकों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इन निर्देशों का पालन नहीं हो सका है।

पेयजल और बैठने की व्यवस्था भी नाकाफी

बस स्टैंड पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को मजबूरन निजी दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त कुर्सियां या बैठने की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई यात्रियों को जमीन पर या अपने सामान के सहारे बैठकर इंतजार करना पड़ता है।

पूछताछ काउंटर और सूचना प्रणाली का अभाव

यात्रियों का कहना है कि बस स्टैंड में कोई प्रभावी पूछताछ काउंटर या डिजिटल सूचना प्रणाली उपलब्ध नहीं है। किस गंतव्य के लिए बस कब रवाना होगी और किस प्लेटफॉर्म से मिलेगी, इसकी जानकारी प्राप्त करने के लिए यात्रियों को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

अव्यवस्था से बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा

बस स्टैंड परिसर में अवैध पार्किंग, बेतरतीब खड़ी बसें और मवेशियों की आवाजाही भी बड़ी समस्या बनी हुई है। इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। यात्रियों का कहना है कि पूरा परिसर एक व्यवस्थित बस स्टैंड की बजाय अव्यवस्थित बस डिपो जैसा दिखाई देता है।

पर्यटन छवि पर पड़ रहा असर

बाहरी राज्यों और जिलों से बस्तर आने वाले पर्यटकों का कहना है कि जगदलपुर का यह बस स्टैंड शहर का पहला प्रवेश द्वार है, लेकिन यहां की बदहाल व्यवस्था बस्तर की पर्यटन छवि को प्रभावित कर रही है। उनका मानना है कि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर यात्रियों के अनुभव को सुधारा जा सकता है।

नागरिकों ने की सुधार की मांग

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड परिसर में नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, किराया सूची का प्रदर्शन, पूछताछ केंद्र और यातायात प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द सुनिश्चित की जाएं। उनका कहना है कि पर्यटन और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलना आवश्यक है।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें