रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित (देवभोग) ने होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और अन्य संस्थागत उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए देवभोग गोरस (गाय का दूध) और टोंड दूध का नया 6 लीटर पैक बाजार में लॉन्च किया है। यह पैक 17 जुलाई से प्रदेशभर में उपलब्ध हो गया है।
महासंघ के अनुसार, नया 6 लीटर पैक विशेष रूप से होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई निर्माता, बेकरी, कैटरिंग, कैंटीन, अस्पताल और अन्य संस्थानों के लिए तैयार किया गया है। बड़े पैक के माध्यम से उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाला दूध सुविधाजनक और किफायती पैकिंग में उपलब्ध होगा, जिससे उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करना आसान होगा।
देवभोग का मानना है कि बड़े पैक की उपलब्धता से संस्थागत उपभोक्ताओं का समय और लागत दोनों की बचत होगी। साथ ही दूध की नियमित आपूर्ति भी अधिक सुगम हो सकेगी।
वर्तमान में देवभोग प्रदेश के उपभोक्ताओं तक दूध के अलावा दही, पनीर, घी, पेड़ा, स्वीट कर्ड, श्रीखंड, लस्सी, मसाला छाछ और फ्लेवर्ड मिल्क जैसे कई दुग्ध उत्पाद उपलब्ध करा रहा है।
महासंघ ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थागत उपभोक्ताओं से देवभोग के उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा। देवभोग का यह नया कदम प्रदेश में दुग्ध उत्पादों की संस्थागत आपूर्ति को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय डेयरी किसानों के लिए भी लाभकारी साबित होने की उम्मीद है।