प्रधानमंत्री सूर्यघर : मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित “Month of Solar” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राज्य को पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए चुना गया है, जिससे प्रदेश ने स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, जनभागीदारी सुनिश्चित करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
वेंडर रजिस्ट्रेशन में देश में दूसरा स्थान
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में छत्तीसगढ़ ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य का चयन पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों तथा योजना के क्रियान्वयन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली योजनाएं न केवल नागरिकों के बिजली खर्च को कम कर रही हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहित कर रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ऐसे प्रयास प्रदेश को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और नागरिकों को आर्थिक लाभ के साथ बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करेंगे।
अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय, प्रतिबद्धता और टीमवर्क के बल पर छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।