मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 67 जरूरतमंदों को मिली राहत, सांसद महेश कश्यप ने वितरित किए सहायता राशि के चेक
जगदलपुर,बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद 67 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से स्वीकृत लगभग 10 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना और उन्हें कठिन परिस्थितियों में संबल प्रदान करना है।
चेक वितरण कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सेवा ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का कार्य केवल विकास योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति और परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से मिलने वाली यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। कठिन और विपरीत परिस्थितियों में यह सहायता हितग्राहियों को मानसिक और आर्थिक संबल प्रदान करती है तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा देती है।
सांसद ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण परेशान न हो। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके।
कार्यक्रम में सहायता राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहयोग उनके लिए कठिन समय में बड़ी राहत साबित होगा।