बस्तर खबर
छत्तीसगढ़ खबर 4 जुलाई 2026 2 मिनट का पठन 16 घंटे पहले

बस्तर में गोंडी-हल्बी में होगा सरकारी योजनाओं का प्रचार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

अपडेट किया गया: 3 घंटे पहले

बस्तर में गोंडी-हल्बी में होगा सरकारी योजनाओं का प्रचार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

बस्तर संभाग के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बड़ा फैसला लिया है। अब विभाग की प्रमुख योजनाओं का प्रचार-प्रसार स्थानीय गोंडी और हल्बी भाषा में किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पूरी और सही जानकारी आसानी से पहुंच सके।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने सुकमा और बीजापुर के हालिया दौरे के अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा में संवाद ही आदिवासी अंचलों तक योजनाओं की प्रभावी पहुंच का सबसे मजबूत माध्यम है।

आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर संभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और पर्यवेक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों और महिलाओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होना जरूरी है।

इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन, पेयजल, स्वच्छता, पोषण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी जिलों में नियमित मॉनिटरिंग, निरीक्षण और प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा भी जताई।

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ पर विशेष फोकस

मंत्री ने पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों और उनकी माताओं को बेहतर उपचार, पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं पर भी जोर

समीक्षा बैठक में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के समयबद्ध वितरण, नियमित शिविरों के आयोजन और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सियान गुड़ी (डे-केयर सेंटर) और वृद्धाश्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

बस्तर में विकास और विश्वास का नया माहौल

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सुकमा और बीजापुर के हालिया प्रवास के दौरान क्षेत्र में विकास और विश्वास का नया वातावरण देखने को मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि शासन की हर जनकल्याणकारी योजना तेजी से आम लोगों तक पहुंचे और उसका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें

और भी पढ़ें