प्रधानमंत्री-रोजगार मेला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 47 स्थानों पर 51,000 से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि होंगे।
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, जैसे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, डाक विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, स्वास्थ्य सेवा विभाग और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में चयनित 257 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
वरिष्ठ नागरिक मोबाइल ऐप
देश में आज वरिष्ठ नागरिकों के लिये जीवन मोबाइल एप्लिकेशन शुरू किया गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने नई दिल्ली में इस ऐप का शुभारंभ किया। जीवन ऐप सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आपातकालीन सहायता और वरिष्ठ नागरिक आवास की जानकारी उपलब्ध कराता है।
मुख्यमंत्री-सुशासन तिहार
सुशासन तिहार के तहत आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के ग्राम करही बाजार पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नलजल योजना के तहत निर्माणाधीन सोखता में श्रमदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के हितग्राही परिवार से मुलाकात की। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने धात्री माताओं को किट भी प्रदान की। इस अवसर मुख्यमंत्री ने स्कूलों के उन्नयन, सीसी रोड और मांगलिक भवन बनाने सहित विभिन्न घोषणाएं की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सुव्यवस्थित रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने कल सुशासन तिहार के दौरान चिरमिरी में अधिकारियों की बैठक में पेयजल समस्या और स्कूल परीक्षा परिणामों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कोरिया जिले में खाद वितरण में गड़बड़ी सामने आने पर सहायक आयुक्त और सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
इस बीच, कोरिया जिले की जिल्दा समिति, खड़गंवा में खाद वितरण से जुड़े गबन प्रकरण में दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी शााखा प्रबंधक और नोडल अधिकारी को भी निलंबित कर दिया गया है।
बीजापुर-आकांक्षी ब्लॉक स्थान
नीति आयोग द्वारा जारी देश के आकांक्षी ब्लॉकों की "चौंपियंस ऑफ द क्वार्टर" रिपोर्ट में बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कई संकेतकों के आधार पर मूल्यांकन किया था, जिसमें उसूर ब्लॉक का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया।
डॉयल 112
प्रदेश के कई जिलों में बीते दिनों 'डायल-एक सौ बारह फेस-टू नेक्स्ट जनरेशन" सेवा का शुभारंभ किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में इस सेवा का शुभारंभ करते हुए चौव्वन नये इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री शर्मा ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत करते हुए कहा कि आने वाले समय में डायल-एक सौ बारह सेवा को ड्रोन सुविधा से भी जोड़ा जाएगा।
खनन सूचना केंद्र
राज्य सरकार ने खनन गतिविधियों में पारदर्षिता और षिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिष्चित करने के लिए "खनन सूचना केंद्र की स्थापना की है। इस पहल के तहत टोल फ्री नंबर एक आठ शून्य शून्य-दो तीन तीन-दो एक चार शून्य (1800-233-2140) जारी किया गया है। इस नंबर पर आम नागरिक अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिज संबंधी अनियमितताओं की षिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। सूचना केंद्र का संचालन प्रतिदिन सुबह दस बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक किया जाएगा।
संगीत विश्वविद्यालय-नाम
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय का नाम अब बदलकर "राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय" किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मौसम का हाल
राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने रायपुर सहित बिलासपुर, रायगढ़, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम के अलावा प्रदेश के चौदह जिलों के कुछ स्थानों में ग्रीष्मलहर चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं
के कारण अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश का अधिकतम तापमान पैंतालीस डिग्री सेल्सियस रायपुर के माना में दर्ज किया गया।