जगदलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेडवा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन मुख्यालय कैंप परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान के तहत कैंप परिसर में कुल 165 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ-साथ सभी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। अभियान का उद्देश्य न केवल परिसर को हरित बनाना था, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए शुद्ध वायु, संतुलित जलवायु और स्वस्थ पर्यावरण का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला एवं प्रमोद कुमार मीना सहित बटालियन के सभी अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित बस्तर के निर्माण का संकल्प दोहराया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पहल न केवल प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।